ईदुल अजहा का पवित्र त्योहार सकुशल संपन्न
1 min readईदुल अजहा का पवित्र त्योहार सकुशल संपन्न
अंबेडकरनगर। ईदुल अजहा का पवित्र त्योहार बुधवार को ईदगाह वह मस्जिदों में नमाज तथा निर्धारित स्थानों पर जानवरों की कुर्बानी के साथ सकुशल सम्पन्न हुआ।
इस बीच जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन व पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने जनपद का तूफानी दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दूसरी ओर जिले के अन्य वरिष्ठ तथा प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार भ्रमण कर हालात पर नजर बनाए रहे। अकबरपुर-अयोध्या मार्ग पर मुख्य ईदगाह परम्परा के विपरीत सुबह छह बजे ही नमाज अदा कराई थी गई। जबकि मोहल्ला मीरानपुर में इमामबाड़ा राजा साहब परिसर स्थित जामा मस्जिद में मौलाना अकबर अली वाएज ने पूर्व निर्धारित समय 10 बजे नमाज अदा कराई। उन्होंने ख़ुत्बे में कहा आज का दिन सिर्फ पशु ही बलिदान करने का नहीं बल्कि अपने अंदर के अहंकार, अंधविश्वास, अज्ञानता, अनाचार को भी कुर्बान करने का है। असरार हुसैन, शन्ने आदि ने व्यवस्था संभाला। इसके अतिरिक्त नगर व ग्रामीण क्षेत्रों की सैकड़ों मस्जिदों में कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुये श्रद्धा और विश्वास से नमाज पढ़ी गई।
——————–
जलालपुर। जलालपुर क्षेत्र में ईद-उल-अजहा का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। लोगों ने ईद की नमाज अदा करने के बाद कुर्बानी की रस्म निभाई। इस दौरान प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद रहा।
वाजिदपुर स्थित पुरानी ईदगाह में कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखते हुए प्रशासन द्वारा निर्धारित 50 व्यक्तियों ने कारी मुहम्मद तैय्यब के नेतृत्व में ईद-उल-अजहा की नमाज पढ़ मुल्क की खुशहाली के लिए दुआएं मांगी।मंगुराडिला ईदगाह में हाफिज मुहम्मद जकरिया, जामा मस्जिद उर्दू बाजार में मौलाना नजीबुल्लाह व सराय चौक स्थित वक्फ मस्जिद रौज-ए-हजरत कासिम में मौलाना सईद हसन रजाई ने ईद-उल-अजहा की मख्सूस नमाज अदा कराई। तहसील क्षेत्र के नगपुर, पैकोली, हुसैनपुर, उफरौली भियांव समेत अन्य स्थानों पर भी ईद-ए-कुर्बां का त्योहार अकीदत के साथ मनाया गया। उपजिलाधिकारी अभय कुमार पांडेय एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत शुक्ल, कोतवाल दुर्गेश कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ क्षेत्र का लगातार दौरा करते रहे। पुरानी ईदगाह समिति की ओर से पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को मिठाई खिलाकर ईद की खुशियां बांटी। उक्त अवसर पर समाजसेवी इब्ने अली जाफरी, मजहरूलहक, गुलाम रब्बानी, मौलाना हबीबुर्रहमान, हाजी लाडले आदि मौजूद रहे। नगर पालिका प्रशासन की ओर से साफ-सफाई का प्रयाप्त इंतेजाम किया गया था।