गणतंत्र दिवस पर प्रस्तुत किए गए रंगारंग कार्यक्रम
1 min read
अंबेडकरनगर। जनपद में 73वां गणतंत्र दिवस जोशो ख़रोश के साथ मनाया गया। नगर के इमामबाग, अब्दुल्लाहपुर स्थित मदरसा जमाल अहमद स्मारक विद्यालय में प्रबंधक हाजी मुंतजिम अली द्वारा झंडारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ। अधिवक्ता फैजान अहमद अंसारी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा आज ही के दिन 1950 को भारत सरकार अधिनियम 1935 को हटाकर भारत का संविधान लागू किया गया था। बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का दिल जीत लिया।
इसी क्रम में इल्तिफातगंज क्षेत्र के हजरत फातिमा जहरा स्मारक उच्च विद्यालय मुनीरगंज बाजार, मदारपुर में प्रबंधक एहसानुल हसन किरमानी ने झंडारोहण एवं राष्ट्रगान के पश्चात संबोधित करते हुए कहा भारत को आजादी भले ही 15 अगस्त 1947 को मिली लेकिन 26 जनवरी 1950 को भारत पूर्णरूप से गणराज्य बना। यही कारण है कि भारत में गणतंत्र दिवस प्रत्येक वर्ष 26 जनवरी को मनाया जाता है। उन्होंने आगे कहा संविधान 26 नवंबर 1949 में पूरी तरह तैयार हो चुका था लेकिन दो महीने इंतजार करने के बाद इसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया था।
संविधान लागू करने के लिए 26 जनवरी की तारीख को इसलिए चुना गया क्योंकि साल 1930 में 26 जनवरी को देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में इंडियन नेशनल कांग्रेस ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ‘पूर्ण स्वराज’ का ऐलान किया था। भारत के गणतंत्र की यात्रा 9 दशक पहले 1930 में शुरू हुई थी। रोचक तथ्य यह है कि 1930 से 15 अगस्त 1947 तक पूर्ण स्वराज दिवस यानी 26 जनवरी को ही स्वतत्रंता दिवस मनाया जाता था। विद्यालय की प्रधानाचार्य बादामदेवी वर्मा की देखरेख में छात्रा गौरी, तस्कीन फात्मा, चांदनी, शाजिया, विनीता, शिफा, सारिका पांडेय, रेशमा, अंशिका, नाहिदा, लक्ष्मी, रूचि, साक्षी, रागिनी आदि ने शानदार ढंग से सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा राष्ट्रभक्ति के गीत पेश कर लोगों का ध्यान खींचा। उक्त अवसर पर शिक्षक व शिक्षिका रामतिलक वर्मा, रामावती, राम उजागिर वर्मा सहित देवीप्रसाद तिवारी, कदीर हुसैन, शंकर, वसीम हैदर, राजाराम वर्मा, सैयद आले हसन, अनिल तिवारी, सईद मुहम्मद व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।