डा. संजय निषाद को मंत्री मंडल में शामिल किए जाने पर कार्यकर्ताओं में हर्ष
1 min readअंबेडकरनगर (अवधी खबर)। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद को राज्य मंत्री मंडल में शामिल किए जाने से पार्टी जनों में हर्ष व्याप्त है। भाजपा जिला कार्यालय में निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय निषाद के नेतृत्व में बैठक आयोजित कर प्रसन्नता व्यक्त की गई। निषाद पार्टी एवं भाजपा के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई देने के संग मिठाई खिलाया।

भाजपा जिलाध्यक्ष डा. मिथिलेश त्रिपाठी ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने जिस प्रकार भाजपा व सहयोगी दलों पर विश्वास जताया वह अपने आप में ऐतिहासिक है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के रथ को बिना भेदभाव आगे बढ़ाएगी। निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय निषाद ने कहा कि दल के मुखिया डा. संजय निषाद को मत्स्य विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाए जाने से समाज के लोगों में गर्वानुभूति है।
आगे कहा कि हम सब मिलकर सरकार की योजनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी 22 अप्रैल को प्रयागराज स्थित निषाद राज गुहा निषाद श्रृंगेश्वर किला में आयोजित होने वाले जयंती समारोह में सम्मिलित होने का आवाहन किया। उक्त अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंदन गोंड, जिला महासचिव अरविंद निषाद सहित गुड्डू निषाद, राजित राम निषाद, मोनू श्रीवास्तव, रीना निषाद, कलेंद्र निषाद, मीरा निषाद, रेशमा निषाद, विवेक निषाद तथा बदामा देवी अलावा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।